Koderma : जिले के राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर द्वारा परसाबाद पंचायत के कटिया गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. यह गांव जिले में कुष्ठ रोग के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित है, जहां पिछले तीन वर्षों से लगातार नए मरीज मिल रहे हैं. जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार के निर्देश पर ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह 6 बजे ही शिविर लगाया गया. दरअसल, कटिया गांव के भुइयां टोला के अधिकांश लोग सुबह ही मजदूरी या अन्य कार्यों के लिए निकल जाते हैं, जिससे उनकी समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं हो पाती. इसी कारण विशेष समय पर शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई.
कुष्ठ उन्मूलन अभियान: 42 लोगों की जांच, एक नया मरीज मिला
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में इलाजरत एवं उपचार पूरा कर चुके कुष्ठ मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही मरीजों के पारिवारिक और सामाजिक संपर्क में रहने वाले लोगों की ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक जांच भी की गई. ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया गया. कुष्ठ रोग के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से सभी संपर्क व्यक्तियों को सिंगल डोज रिफैम्पिसिन (SDR) भी दी गई. जांच के दौरान एक नए कुष्ठ मरीज की पहचान हुई, जिसका तुरंत MDT (Multi Drug Therapy) के माध्यम से उपचार शुरू कर दिया गया. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कटिया गांव में अब तक कुल 20 कुष्ठ मरीज मिल चुके हैं. इनमें 9 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 11 मरीजों का इलाज जारी है. इनमें ग्रेड-2 दिव्यांग और एक बाल कुष्ठ मरीज भी शामिल हैं. शिविर में कुल 42 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई. इस दौरान डॉ. धर्मेंद्र कुमार, फिजियोथेरेपिस्ट राजीव रंजन, कुणाल, CHO श्वेता शर्मा, संदीप कुमार, एमपीडब्ल्यू प्रदीप कुमार, अशोक कुमार, एएनएम शबनम आरा, सुनीता कुमारी, फार्मासिस्ट उदय पांडे, ड्रेसर कमलनयन यादव तथा सहिया निरमा देवी, चांदनी देवी और दीपा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही.

Also Read : गुमला: 6 माह बाद गुमला को मिला ब्लड बैंक की अनुज्ञप्ति, अब नहीं होगी ब्लड की कमी


