Ranchi: झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और चिलचिलाती धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि लू और डिहाइड्रेशन के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में विशेष तैयारी की जा रही है.

अस्पतालों में विशेष तैयारी के निर्देश
सरकारी अस्पतालों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक जरूरी दवाइयों, ORS, IV Fluids और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है. विभाग ने निर्देश दिया है कि गर्मी से प्रभावित मरीजों को बिना देरी इलाज मिले और इमरजेंसी सेवाएं लगातार सक्रिय रहें.
दोपहर में बाहर निकलने से बचने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप सबसे ज्यादा खतरनाक हो सकती है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ALSO READ: जिले के विद्यालयों में तीन दिवसीय समर कैंप का सफल समापन, बच्चों ने लिया रचनात्मकता में भाग
लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें
विभाग ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी, नींबू पानी, ORS और अन्य तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है. साथ ही चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने को कहा गया है.
