Giridih: जिले में मंगलवार से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. आसमान में घने बादल छाए रहने और कई इलाकों में रुक-रुक कर हुई हल्की बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है.
10 जुलाई तक अलर्ट
मौसम विभाग ने जिले में 10 जुलाई तक बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से पूरे जिले में मानसून सक्रिय हो गया है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की भी संभावना जताई गई है.

तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, इस अवधि में मेघ गर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है. विभाग ने कहा है कि बारिश और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा ऊंचे स्थानों पर खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें.
सामान्य से 46% कम हुई बारिश
जिला कृषि कार्यालय और मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 6 जुलाई तक गिरिडीह जिले में 249.8 मिलीमीटर सामान्य वर्षा के मुकाबले केवल 135.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. यानी जिले में अब तक सामान्य से लगभग 46 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से बारिश में तेजी आएगी और वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है.
किसानों के लिए राहत की खबर
बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को इसका लाभ उठाने की सलाह दी है. मौसम सह कृषि सलाहकार मधुकर कुमार ने कहा कि जिन क्षेत्रों में खेतों में पर्याप्त नमी है, वहां किसान धान की रोपाई शुरू कर सकते हैं. वहीं, जिन इलाकों में पानी की कमी है, वहां वर्षा जल संरक्षण के लिए खेतों की मेड़बंदी मजबूत करने की जरूरत है, ताकि बारिश का पानी खेतों में ही रुके और खेती को लाभ मिल सके.
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें तथा मेघ गर्जन और वज्रपात के दौरान खेतों में काम करने से बचें. बिजली चमकने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और किसी भी परिस्थिति में पेड़ या बिजली के खंभे के नीचे खड़े न हों.
प्रशासन ने भी की सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है. यदि तेज बारिश और वज्रपात की स्थिति बनती है, तो लोगों को घरों या सुरक्षित भवनों में रहने की सलाह दी गई है. आने वाले तीन दिनों तक जिले में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है.


