Ranchi: झारखंड में मानसून ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में राज्यभर में झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की है. उत्तर भारत से लेकर ओड़िशा तक फैली मानसून की ट्रफ लाइन और सक्रिय मौसमी स्थितियों के चलते झारखंड में मानसून की चाल अब तेज हो गई है. मौसम विभाग की मानें तो अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून राज्य के शेष हिस्सों को पूरी तरह कवर कर लेगा, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा.
अगले 3 दिनों में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
पिछले 24 घंटों में राज्य का तापमान काफी अधिक दर्ज किया गया, जहां डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा और वहां का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. अगले 3 दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जाएगी. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. आने वाले दिनों में रांची में भी आंशिक से सामान्य बादल छाए रहेंगे और तापमान घटकर 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

Read Also: आखिर क्या है रुगड़ा? क्यों कहा जाता है झारखंड के ‘जंगल का सोना’?
बारिश और वज्रपात की चेतावनी
आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा के साथ मेघ गर्जन होने की प्रबल संभावना है. 26 से 30 जून तक के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. हालांकि, 28 जून को उत्तर-पश्चिमी भागों (गढ़वा, पलामू एवं चतरा) में कहीं-कहीं गर्म एवं आद्र मौसम रहने की संभावना जताई गई है.
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम का हाल
पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जिसमें पाकुड़ का पकुडिया क्षेत्र 27.8 मिमी बारिश के साथ सबसे आगे रहा. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं डाल्टनगंज में 40.8 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 38.2 डिग्री सेल्सियस, सरायकेला में 38.6 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 38.1 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 37.8 डिग्री सेल्सियस, पाकुड़ में 37.1 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा में 35.1 डिग्री सेल्सियस,खूंटी में 34.7 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में 30.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा.


