Saraikela: जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत चावलीबासा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा उस समय हुआ जब टाटा से रांची की ओर जा रही एक हाइवा सड़क किनारे खड़ी एक टिप ट्रेलर से जा टकराई.

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों की सूचना पर भाजपा युवा नेता आकाश महतो मौके पर पहुंचे. वहीं सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
वाहन में फंसे रहे चालक और सहयोगी
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त हाइवा के चालक केतुंगा केंदडीह निवासी धर्मेंद्र महतो और उनके सहयोगी हुंडी निवासी गुरुपद महतो वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे. दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर हालत में वाहन के भीतर फंसा रहा.
JCB की मदद से निकाला गया घायल चालक
स्थानीय ग्रामीणों और जेसीबी मशीन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला गया. इसके बाद एंबुलेंस की मदद से बेहतर इलाज के लिए उसे जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया.
धूल और स्लैग भंडारण पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे पॉवर प्लांट की स्लैग के भंडारण और उससे उड़ने वाली घनी सफेद धूल को हादसे की एक संभावित वजह बताया है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे बड़े पैमाने पर स्लैग जमा किया गया है, जहां दिन-रात लोडर मशीनों से वाहनों की लोडिंग होती रहती है. इससे उड़ने वाली धूल कई बार दृश्यता प्रभावित करती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा, अवैध भंडारण और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. वहीं चौका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
