Palamu : हुसैनाबाद के हरिजन स्कूल के पास स्थित ट्रांसफार्मर से पिछले आठ दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है. जिससे सैकड़ों परिवार अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं. भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से पेयजल संकट गहरा गया है और लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर क्षेत्र में होने के बावजूद आठ दिनों तक समस्या का समाधान नहीं होना विभागीय कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. ग्रामीणों और उपभोक्ताओं के अनुसार उन्होंने पहले ही 200 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर की मांग की थी, लेकिन विभाग ने 100 केवीए का रिपेयर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया. आरोप है कि अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर का फ्यूज व जमफर कुछ ही मिनटों में बार-बार उड़ जा रहा है. जिससे आपूर्ति बहाल नहीं हो पा रही है. स्थानीय लोगों ने कहा कि बिजली संकट के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित है.
आंदोलन की चेतावनी
उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभाग को लगातार सूचना देने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया. क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द से जल्द उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे लिखित सूचना देकर जपला विद्युत कार्यालय का घेराव करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेंगे. लोगों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की आवश्यकता है. लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी नजर अंदाज करने का आरोप लगाया है. लोगों ने कहा कि विभाग आश्वासन के आलावा कुछ नहीं कर रही है.
ALSO READ : RSS कार्यालय में फेंके गए दो पेट्रोल बम



