Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग में सोमवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं विभिन्न कांडों के अनुसंधानकर्ता उपस्थित रहे. बैठक में पुलिस उप-महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ फैजान अहमद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर रूपक कुमार सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक अरमानुल हक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
महत्वपूर्ण मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने पिछले छह माह के दौरान जिले में घटित सभी महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित मामलों में अनुसंधान की गति बढ़ाने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया.बैठक में महिला अपराध से संबंधित लंबित मामलों को 60 दिनों के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) से जुड़े लंबित मामलों की शीघ्र समीक्षा कर उनका समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया.
नक्सल मामलों की समीक्षा के निर्देश
आईजी ने जिले में लंबित नक्सल संबंधी मामलों की विस्तृत समीक्षा कर उन्हें यथाशीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया. उन्होंने संवेदनशील मामलों में गंभीरता के साथ अनुसंधान करने पर बल दिया.सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनें और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो.
नशा तस्करी और संगठित अपराध पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोहों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. ऐसे गिरोहों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई करने को कहा गया. इसके अलावा संगठित अपराध में संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया.
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
