Dhanbad: शहर को साफ-सुथरा रखने और कचरे की शिकायतों का तुरंत समाधान करने के लिए धनबाद नगर निगम ने नई व्यवस्था लागू कर दी है. अब नगर निगम के हर वार्ड में 13-13 सफाईकर्मियों की स्थायी टीम काम करेगी. वहीं, किसी भी इलाके में अचानक ज्यादा कचरा जमा होने या विशेष जरूरत पड़ने पर 75 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तुरंत मौके पर पहुंचेगी. नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने बताया कि पार्षदों की मांग और नगर निगम बोर्ड के फैसले के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है. उनका कहना है कि लंबे समय से सफाईकर्मियों की संख्या कम होने के कारण कई इलाकों में नियमित सफाई प्रभावित हो रही थी. नई व्यवस्था से इस समस्या को काफी हद तक दूर करने की कोशिश की गई है.
मानसून में जलभराव से निपटने के लिए अलग टीम भी तैनात
नगर निगम के मुताबिक, सभी वार्डों की आबादी अलग-अलग होने के बावजूद हर वार्ड में समान संख्या में 13 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं. यदि किसी क्षेत्र में कचरे का दबाव बढ़ता है या किसी कार्यक्रम के कारण अतिरिक्त सफाई की जरूरत होती है, तो वहां QRT को तत्काल भेजा जाएगा. वहीं, मानसून को देखते हुए जलभराव से निपटने की भी तैयारी कर ली गई है. नगर निगम ने शहर के पांचों अंचलों में 15-15 कर्मियों की अलग टीम बनाई है, जो नालों और जल निकासी मार्गों की नियमित सफाई कर रही है. जरूरत पड़ने पर QRT को भी इस काम में लगाया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान शहर में जलभराव की समस्या कम हो और सफाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे.



