Lohardaga : लोहरदगा/ लातेहार की सीमा पर चंदवा स्थित मयूर होटल में पंचायत कांग्रेस कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में कांग्रेस संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति और झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी गई.
बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, अभिलाष साहू, जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव, असगर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

SIR के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश
बैठक के दौरान प्रदेश नेतृत्व ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए. प्रत्येक पंचायत में कांग्रेस कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे, इसके लिए घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने, लोगों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उसका निराकरण कराने का आह्वान किया गया.
कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत
पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं. उन्होंने कहा, “हम सभी कांग्रेस के सैनिक हैं. कांग्रेस हमारा घर है और कांग्रेस ही हमारा भला कर सकती है. हमें पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन को मजबूत करना है तथा जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाना है. ” उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया.
जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक योग्य मतदाता का नाम सूची में बने रहना आवश्यक है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रत्येक गांव और पंचायत में जागरूकता अभियान चलाएं, लोगों को मतदाता सूची की जांच के लिए प्रेरित करें और किसी भी पात्र मतदाता का नाम हटने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत तुरंत आपत्ति दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा.
संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है. उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती पंचायत स्तर से ही संभव है और प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना होगा.उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों को तेज करने का भी आह्वान किया.
बैठक में संगठन विस्तार, पंचायत स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को गति देने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई. अंत में सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया.


