Bokaro : चुआड़ विद्रोह के महानायक क्रांतिवीर शहीद रघुनाथ महतो की प्रतिमा को बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा निशाना बनाया गया. मामला चन्दनकियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक रोड स्थित पुराना हॉस्पिटल के समीप का है. शहीद रघुनाथ महतो की प्रतिमा के हाथों में मौजूद पारंपरिक हथियार तीर-धनुष और कुल्हाड़ी को भी खंडित कर दिया है. घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के साथ की गई छेड़छाड़
इस घटना को लेकर चन्दनकियारी के जगन्नाथ रजवार ने कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने इस हरकत को एक सोची-समझी और संगठित साजिश करार दिया. रजवार ने बताया कि पहले भी रांची में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की गई. विनोद बिहारी महतो और टिकैत उमरांव सिंह की प्रतिमाओं को निशाना बनाया गया. अब महानायक रघुनाथ महतो की प्रतिमा को खंडित किया गया है. इससे प्रतीत होता है कि यह संगठित उपद्रवी मानसिकता है, जिसके द्वारा हमारे पुरखों और संस्कृति पर हमला किया जा रहा है. उन्होंने शासन और प्रशासन से CCTV और स्थानीय जांच के जरिए आरोपियों को जल्द से जल्द चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. ज्ञात हो कि चुआड़ विद्रोह के महान क्रांतिकारी शहीद रघुनाथ महतो की इस प्रतिमा का अनावरण विगत 5 अप्रैल को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सुप्रीमो जयराम महतो द्वारा किया गया था. महापुरुषों के प्रतीकों के साथ बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं क्षेत्र में तनाव पैदा कर रही हैं, जिसे लेकर अब स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. इस घटना को लेकर फिलहाल चन्दनकियारी थाना पुलिस जांच में जुट गई है. उम्मीद जताई जा रही है कि इस घटना को अंजाम देने वाले जल्द पुलिस हिरासत में होंगे.

Also Read : FIFA World Cup 2026: रोनाल्डो के शानदार खेल से पुर्तगाल अंतिम 16 में, स्पेन और स्विट्जरलैंड ने भी बनाई जगह


