Newswave Desk: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बुधवार को ताजा रैंकिंग जारी की, जिसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं. टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने इतिहास रच दिया है. वहीं भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी संयुक्त रूप से नंबर-1 गेंदबाज बने हुए हैं. इसके अलावा ईशान किशन और शुभमन गिल को वनडे रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला है.
मैट हेनरी 870 रेटिंग अंकों के साथ टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. खास बात यह है कि 36 साल बाद कोई न्यूजीलैंड गेंदबाज टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 बना है. इससे पहले न्यूजीलैंड के दिग्गज गेंदबाज रिचर्ड हैडली 1990 में इस पायदान पर थे. हेनरी अब टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 बनने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं. वहीं भारत के जसप्रीत बुमराह भी 870 रेटिंग के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर बने हुए हैं. हालांकि उनकी रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

जो रूट बने दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने शानदार प्रदर्शन के दम पर टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाई है. 871 रेटिंग अंकों के साथ वह दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं. इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक 866 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
ईशान किशन की बड़ी छलांग
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन का फायदा ईशान किशन को मिला है. उन्होंने वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में 21 पायदान की लंबी छलांग लगाई है. अब वह 516 रेटिंग अंकों के साथ 43वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
भारतीय कप्तान शुभमन गिल को भी वनडे रैंकिंग में फायदा हुआ है. गिल तीन स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उनके 791 रेटिंग अंक हैं. वहीं न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 815 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं. अब क्रिकेट फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि शुभमन गिल कब वनडे क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बनने का मुकाम हासिल करते हैं.
ALSO READ: दो सीजन बाद LSG ने छोड़ा साथ, अब दिल्ली कैपिटल्स में लौटे ऋषभ पंत


