Jamtara: पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरलीपहाड़ी, देवलबाड़ी और बांसपहाड़ी इलाके में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए दोपहिया चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की हिदायत दी.
सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया अभियान
थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है. वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ-साथ कागजातों की भी पड़ताल की. जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं थे, उन्हें चेतावनी देते हुए नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया. कई लोगों को मौके पर ही समझाइश देकर छोड़ा गया.
ALSO READ: रांची: 59 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार
यातायात नियमों के पालन की अपील
थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए जागरूकता जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें. पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. प्रशासन का लक्ष्य है कि क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हो और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े.



