Ranchi: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना इलाके में ऑटो चालक द्वारा एक युवती को अगवा करने का प्रयास किया गया है. बताया जा रहा है, कि युवती को ऑटो में बैठाने के बाद काफी तेज गति से ऑटो चालक ऑटो को भगा रहा था. युवती ने अपनी जान बचाने के लिए चलती टेंपो से छलांग लगा दी. घटना को देख रहे कुछ बाइक सवार युवकों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो का पीछा किया और आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
युवती को जबरन कहीं और ले जाने लगा ऑटो चालक
मिली जानकारी के अनुसार, युवती टेंपो में सवार थी. कुछ दूरी तय करने के बाद जब युवती ने उतरने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और युवती को जबरन कहीं और ले जाने लगा. युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर भी चालक ने टेंपो नहीं रोका.
बाइक सवार युवकों ने आरोपी चालक और टेंपो को पुलिस को सौंपा
सड़क पर हंगामा बढ़ता देख आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. बाइक सवार युवकों ने आरोपी चालक और टेंपो को पुलिस को सौंप दिया. बताया जा रहा है कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और युवती के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: “बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया,” भाजपा की जीत पर इरफान बोले- विश्वास हारा, पैसा जीत गया



