Giridih: जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर गुरुवार को खंडोली मोड़ के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 86 वाहनों का चालान काटा गया तथा 1,23,000 रुपये का ऑनलाइन जुर्माना वसूला गया. जांच अभियान जिला परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया. अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था. इस दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की जांच की गई.
वाहन चालकों की ड्रिंक एंड ड्राइव जांच भी की गई
अभियान की विशेष बात यह रही कि वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से ड्रिंक एंड ड्राइव जांच भी की गई. अधिकारियों ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी. प्रशासन का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है, इसलिए इस तरह की जांच आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी.
जिले में विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा, कि सभी लोग सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों की जान को भी खतरे में डालता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिले में ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जबकि नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार वाहन चालकों को प्रोत्साहित किया जाएगा.
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके. जांच अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार, डीएसपी ट्रैफिक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, ट्रैफिक ओ/सी बेंगाबाद तथा मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) समेत कई अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: “बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया,” भाजपा की जीत पर इरफान बोले- विश्वास हारा, पैसा जीत गया



