Seraikela: रांची-टाटा सड़क नेटवर्क को सुरक्षित और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ₹214.79 करोड़ की लागत से रांची-महुलिया NH खंड के 126.49 किमी मार्ग पर ओवरले कार्य का भूमि पूजन गुरुवार को ईचागढ़ में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे.

आधारभूत संरचना विकास पर जोर
भूमि पूजन के बाद संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सड़क, रेल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं. “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्यों को नई गति मिली है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछ रहा है. बेहतर सड़कें सिर्फ आवागमन सुगम नहीं करतीं, बल्कि व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी देती हैं,” उन्होंने कहा. सांसद विद्युत वरण महतो ने इस परियोजना को क्षेत्र के आर्थिक-सामाजिक विकास का मील का पत्थर बताया. जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में इसे जनता के लिए लाभकारी बताते हुए केंद्र सरकार का आभार जताया.

सड़क सुरक्षा और लॉजिस्टिक लागत में मिलेगी राहत
कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत’ के संकल्प और आधुनिक-सुरक्षित सड़क अवसंरचना के महत्व पर भी चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि इस ओवरले कार्य से दुर्घटनाएं घटेंगी, वाहन चलाना आसान होगा और औद्योगिक बेल्ट की लॉजिस्टिक लागत कम होगी. इस कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान, रांची ग्रामीण जिलाध्यक्ष विनय महतो धीरज, पूर्व जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव, महामंत्री भूषण मुर्मू, राकेश मिश्रा, जिला मंत्री पप्पू वर्मा, उपाध्यक्ष सारथी महतो, अमितेश अमर, देवाशीष राय, अनीता पारिक, ईचागढ़ सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो, दिवाकर सिंह, विशाल चौधरी, आकाश महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
ALSO READ: परिमल नाथवानी की जीत पर भाजपा नेताओं ने दी बधाई, एनडीए ने बताया संगठन और विकास की जीत
परियोजना की प्रमुख बातें
मार्ग: रांची-महुलिया NH खंड, कुल 126.49 किमी
लागत: ₹214.79 करोड़
काम: ओवरले, मरम्मत, सड़क की लोड क्षमता बढ़ाना और सुरक्षा उपाय
इस सड़क के बनने से टाटा, रांची, घाटशिला व बंगाल जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और औद्योगिक बेल्ट की लॉजिस्टिक लागत घटेगी.



