Dhanbad : शुक्रवार को धनबाद मंडल कारा में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जेल आईजी सुदर्शन मंडल औचक निरीक्षण के लिए अचानक वहां पहुंच गए. आईजी के अचानक आगमन की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए. निरीक्षण के दौरान आईजी सुदर्शन मंडल ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने जेल के अति-संवेदनशील वार्डों, ऊंची दीवारों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और सीसीटीवी निगरानी कक्ष का अवलोकन किया. सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने की हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि जेल की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा अभेद्य होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें : कमाने गया था, जान गंवा बैठा: पुणे में बिल्डिंग से गिरकर मजदूर की मौत
कैदियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले : आईजी
मीडिया कर्मियों से बात करते हुए आईजी ने स्पष्ट किया कि जेल का मुख्य उद्देश्य सुधारात्मक होने के साथ-साथ मानवीय भी होना चाहिए. उन्होंने बताया कि निरीक्षण का एक प्रमुख हिस्सा बंदियों को मिलने वाला भोजन था. उन्होंने रसोई का निरीक्षण किया और जेल मैनुअल के अनुसार भोजन की गुणवत्ता को परखा. अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा गया कि बंदियों को निर्धारित समय पर ही भोजन मिलना चाहिए. भोजन वितरण में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई. सुरक्षा और भोजन के अलावा, आईजी ने जेल परिसर में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया उन्होंने अस्पताल वार्ड में जाकर बीमार बंदियों के इलाज और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली.
ये भी पढ़ें : सैकड़ों लोगों के नरसंहार का मास्टरमाइंड शीर्ष माओवादी नेता प्रशांत बोस की रांची में हुई मौत
