जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत चिटामाटी टोला में एक मरीज को खटिया पर करीब चार किलोमीटर पैदल अस्पताल ले जाने की घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है और इसे सरकार की विफलता का प्रतीक बताया है. कन्हैया सिंह ने कहा कि यह घटना झारखंड सरकार की नाकामी को उजागर करती है. उन्होंने कहा कि 2026 में भी किसी मरीज को इलाज के लिए खटिया पर कई किलोमीटर तक ले जाना पड़े, इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक स्थिति नहीं हो सकती. उनका आरोप है कि डुमरिया के चिटामाटी टोला में आज तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है और न ही एंबुलेंस जैसी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध है.
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को जवाब देना चाहिए
उन्होंने कहा कि जिस विधानसभा क्षेत्र में यह घटना हुई, वहां के स्थानीय विधायक राज्य के स्वास्थ्य मंत्री भी हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री दोनों को इस मामले पर जवाब देना चाहिए.आजसू जिला अध्यक्ष ने राज्य सरकार से पूरे मामले की तत्काल जांच कर कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, चिटामाटी टोला में अविलंब सड़क निर्माण और एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई. साथ ही उन्होंने स्थानीय विधायक से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की.
जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जनता मांगेगी जवाब
कन्हैया सिंह ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चुना है, लेकिन आज भी कई गांव सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो जनता इसका जवाब मांगेगी.
घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भी आक्रोश
इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है. सामाजिक संगठनों ने दूर-दराज के गांवों और टोलों में सड़क, एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज को इलाज के लिए खटिया के सहारे अस्पताल न पहुंचाना पड़े.
