Jamtara: कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के थंडराडीह गांव में कथित तोड़फोड़, मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट की घटना को लेकर बुधवार को भाजपा का प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा के नेतृत्व में नेताओं ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और घटनास्थल का जायजा लिया.

पीड़ित परिवारों से मिली भाजपा टीम
प्रतिनिधिमंडल ने भूदेव महतो के परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. इस दौरान भूदेव महतो की माता पौधा देवी घटना का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं और बेहोश हो गईं. इससे मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गमगीन हो गया.
प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि घटना की पूरी जानकारी जुटाकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी और प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी डीजीपी को भी दी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है और किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए. भाजपा नेताओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया, जबकि पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने डीएसपी, इंस्पेक्टर और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की.
केस कमजोर करने का लगाया आरोप
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को कमजोर करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि घटना की प्रकृति के अनुरूप धाराएं नहीं लगाई गई हैं. वहीं बरही विधायक अमित यादव ने पुलिस के घटनास्थल पर देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की. जमुआ विधायक मंजू देवी ने धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने और महिलाओं से कथित दुर्व्यवहार के आरोपों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की.
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों को सुरक्षा देने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. नेताओं ने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई और केस कमजोर करने का प्रयास जारी रहा तो पार्टी आंदोलन करेगी. प्रतिनिधिमंडल में गणेश मिश्रा, अमित यादव, नागेंद्र महतो, मंजू देवी, सुनील सोरेन, रणधीर कुमार सिंह, दिलीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय, सत्यानंद झा बाटुल और जिलाध्यक्ष सुमित शरण समेत अन्य नेता शामिल थे.
AlsoRead:रांची पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया खुलासा, आठ अपराधी गिरफ्तार और दस बाइक जब्त

