Jamtara: जिले के फतेहपुर बाजार में शुक्रवार रात करीब 8 बजे हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलर्स व्यवसायी से सोना-चांदी से भरा बैग लूट लिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर बाजार निवासी जेबी ज्वेलर्स के संचालक अमरजीत वर्मा बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बस स्टैंड के समीप दो बाइक पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने पिस्तौल का भय दिखाकर उनके पास मौजूद सोना-चांदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि लूटे गए बैग में लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण थे, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना स्थल से पीड़ित का घर महज 100 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है.
वारदात की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है.
लोगों में रोष और भय का माहौल
घटना के बाद बाजार के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में रोष और भय का माहौल है. लोगों ने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
ALSO READ: झारखंड में DSP से दरोगा तक पर लगे गंभीर आरोप, कई गए जेल तो किसी ने की आत्महत्या



