झारखंड में DSP से दरोगा तक पर लगे गंभीर आरोप, कई गए जेल तो किसी ने की आत्महत्या

SAURAV SINGH Ranchi: झारखंड पुलिस के कुछ अधिकारियों की हरकतों ने एक बार फिर पूरी फोर्स को शर्मसार कर दिया है. हाल...

SAURAV SINGH

Ranchi: झारखंड पुलिस के कुछ अधिकारियों की हरकतों ने एक बार फिर पूरी फोर्स को शर्मसार कर दिया है. हाल के वर्षों में DSP से लेकर दरोगा स्तर के कई पुलिस अधिकारियों पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण, बलात्कार और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगे है. इन मामलों के सामने आने के बाद जहां कई अधिकारियों को सस्पेंड कर जेल भेज दिया गया, वहीं एक अधिकारी ने बदनामी के डर से आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम भी उठा लिया. आइए नजर डालते हैं उन प्रमुख मामलों पर जिन्होंने खाकी की साख पर बड़े सवाल खड़े किए हैं.

 DSP अमित कुमार पर प्राथमिकी दर्ज

हालिया मामला रांची के चुटिया थाने का है, जहां 28 मई को लोहरदगा में पदस्थापित डीएसपी अमित कुमार के खिलाफ एक गंभीर मामला दर्ज किया गया है. रांची की रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि डीएसपी ने उससे शादी का झूठा वादा किया और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया. इस दौरान पीड़िता का जबरन गर्भपात भी कराया गया. विरोध करने पर डीएसपी द्वारा पीड़िता को धमकियां भी दी गईं। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

थानेदार बनने के 25 दिन बाद ही गए जेल

गिरिडीह जिले के देवरी थाना प्रभारी गौरव कुमार को रांची की एक युवती के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. गौरव कुमार गिरिडीह सदर थाने के बाद देवरी के थाना प्रभारी बने थे. पदभार संभालने के मात्र 25 दिन बाद ही उन्हें 17 दिसंबर 2020 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.पीड़िता ने सबसे पहले रांची के अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने उच्चाधिकारियों का दरवाजा खटखटाया. हजारीबाग डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद गिरिडीह महिला थाने में नया मामला दर्ज हुआ। इसके बाद कोर्ट में धारा 164 के तहत पीड़िता का बयान दर्ज कराते हुए आरोपी थानेदार को जेल भेज दिया गया.

इंस्टाग्राम पर प्यार, फिर पुंदाग के फ्लैट में शोषण, वायरलेस दारोगा रमेश भारती पर केस

सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई प्रेम कहानी का अंत भी पुलिस की बदनामी के साथ हुआ. जुलाई 2025 में सिमडेगा जिले के वायरलेस कार्यालय में पदस्थ दरोगा रमेश भारती (मूल निवासी: भवनाथपुर, गढ़वा) के खिलाफ रांची के महिला थाने में केस दर्ज किया गया. पलामू की रहने वाली पीड़िता की मुलाकात साल 2023 में दरोगा से इंस्टाग्राम पर हुई थी. बातचीत बढ़ने पर दरोगा ने उसे रांची के पुंदाग इलाके में स्थित अपने फ्लैट पर बुलाया। वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और बाद में मुकर गया.

 लालपुर के दरोगा पर आरोप और आत्महत्या की दुखद घटना

रांची के लालपुर थाने में पदस्थापित 2018 बैच के दारोगा शशांक कुमार ने आत्महत्या कर ली है. उस पर साल 2022 में रांची के एक हॉस्टल में रहने वाली लड़की को शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगा था. इस आरोप की सीआईडी ने जांच की थी. सीआईडी की रिपोर्ट की अनुशंसा पर पुलिस मुख्यालय ने शशांक कुमार के ऊपर विभागीय कार्रवाई चलाने की अनुमति दी थी. कहा जा रहा है उसने बदनामी की वजह से सुसाइड कर ली है. हालांकि यह पुष्टि नहीं हुई है. जांच जारी है.

 एक के बाद एक दागदार होती खाकी,अन्य प्रमुख मामले

– 11 सितंबर 2021 (रांची): स्पेशल ब्रांच में पदस्थापित दरोगा गुंदीप कुमार पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे.

– 22 जुलाई 2021 (जमशेदपुर): बहरागोड़ा थाना क्षेत्र की एक शादीशुदा महिला के यौन शोषण के आरोप में दरोगा रवि रंजन को निलंबित किया गया.

– 23 मार्च 2021 (हजारीबाग): इचाक की एक युवती ने 2018 बैच के दरोगा अनिल पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई.

– 11 मार्च 2021 (दुमका): दुमका जिले के शिकारीपाड़ा की एक युवती ने धनबाद के बलियापुर थाने के दरोगा मोहन मरांडी पर यौन शोषण का आरोप लगाया.

– 23 फरवरी 2021 (हजारीबाग): शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में हजारीबाग में पदस्थापित एक सार्जेंट (पुलिस अधिकारी) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.

ALSO READ:बीच नदी में फंसी थाना प्रभारी की गाड़ी, जेसीबी बुलाकर कराया गया रेस्क्यू

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *