Chaibasa: सदर अस्पताल चाईबासा स्थित कुपोषण उपचार केंद्र के सभागार में जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक पद्मश्री स्व. नाना चुड़ासमा की जयंती के अवसर पर आज रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. उक्त अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हंसदा, सदर चिकित्सा प्रभारी डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम, जिला संस्थापक सह प्रथम अध्यक्ष दीपक शर्मा, अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, आफताब आलम, राजेश अग्रवाल, पंकज सिंह, रश्मि, पम्मी, सुमित कुमार, सहनवाज आलम, हर्षित शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे.
समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता- उपायुक्त
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए कहा, कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर केवल एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी दूसरे व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है. उन्होंने कहा कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता है तथा स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए. उपायुक्त ने युवाओं को विशेष रूप से आह्वान किया, कि वे सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं. उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों की जीवन रक्षा करता है, बल्कि यह समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को भी सुदृढ़ करता है. रक्तदान के माध्यम से हम अनजान लोगों के जीवन में आशा का संचार कर सकते हैं.
रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को उनके इस सराहनीय योगदान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. उपायुक्त ने सभी रक्तदाताओं की प्रशंसा करते हुए कहा, कि उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है तथा अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करेगा.
अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने रक्तदान को जन आंदोलन बनाने का लिया संकल्प
रक्त दान शिविर के आयोजन में जायंट्स ग्रुप ऑफ चाईबासा, चाईबासा सहेली एवं यंग जायंट्स की सक्रिय भागीदारी रही. आयोजकों ने बताया कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा रक्त भंडार को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे. कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने रक्तदान को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का आह्वान किया.
यह भी पढ़ें: बंदगांव: लान्डुपदा मध्य विद्यालय के छात्रों ने निकाली नशा मुक्ति जागरूकता रैली



