Palamu: जिले के जपला–छतरपुर मुख्य सड़क पर नहर मोड़ के पास जर्जर सड़क हादसों का कारण बन गई है. बताया जाता है कि देर शाम सड़क पर बने गड्ढे में बाइक जाने से सवार अनियंत्रित होकर गिर पड़ा और घायल हो गया.
प्रशासन ने पहुंचाया अस्पताल
मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घायल की पहचान
घायल की पहचान बेलबीघा गांव निवासी हिरा यादव के पुत्र 19 वर्षीय बिमलेश यादव के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में हुई बारिश और नाली के अभाव में सड़क पर पानी जमा हो रहा है, जिससे सड़क उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो गई है.
Also Read: विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी के घर छापा
जलजमाव से बढ़ी परेशानी
पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी द्वारा सड़क किनारे मिट्टी ऊंची कर देने से जलजमाव की समस्या और बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि यदि मिट्टी समतल होती तो पानी बह जाता और सड़क की स्थिति इतनी खराब नहीं होती.
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द गड्ढों की मरम्मत कर सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.
