Ranchi : झारखंड सरकार के वित्त विभाग ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है. जिसके तहत राज्य के 143 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को एसीपी और एमएसीपी योजना का लाभ दिया जायेगा. इसके तहत उनके वेतन स्तर में वृद्धि को स्वीकृति दी गई है. यह लाभ उन पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया है जिन्होंने 10, 20 या 30 वर्षों की नियमित सेवा पूरी कर ली है. अधिकांश एएसआई को द्वितीय एमएसीपी के तहत लेवल 6 में प्रोन्नत किया गया है. कुछ सेवानिवृत्त और मृत पदाधिकारियों के मामलों में भी सुधार करते हुए उन्हें लेवल 7 तक का लाभ दिया गया है. जानकारी हो कि
केंद्रीय चयन पर्षद सह स्क्रीनिंग समिति की 11 मार्च को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार विभाग ने फैसला लिया है.
पिछली तिथियों से ग्रेड पे और लेवल में संशोधन किया गया है
कई मामलों में पीटीसी पूरक परीक्षा उत्तीर्ण करने या पुरानी विसंगतियों को दूर करने के लिए पिछली तिथियों से ग्रेड पे और लेवल में संशोधन किया गया है. प्रोन्नति का यह लाभ विशेष शाखा, रेल धनबाद, झारखंड पुलिस वायरलेस और विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों (जैसे पदमा और हजारीबाग) में कार्यरत पदाधिकारियों को मिला है.
झारखंड हाईकोर्ट ने कहा था पुलिसकर्मियों को 8 सप्ताह में मिलेगा लाभ
झारखंड हाईकोर्ट ने बीते दिनों राज्य के हजारों पुलिसकर्मियों के हक में एक महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया था. अदालत ने राज्य सरकार को स्पष्ट निर्देश दिया था, कि आठ सप्ताह के भीतर उन सभी पुलिसकर्मियों को एसीपी और एमएसीपी का लाभ सुनिश्चित किया जाए, जो लंबे समय से इससे वंचित हैं. साथ ही, पूर्व की बकाया राशि (एरियर) का भुगतान भी इसी समय सीमा के अंदर करने का आदेश दिया गया था.
