Ranchi: देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी, नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (NTPC) के नए अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) की तलाश अब अपने आखिरी और सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है. शनिवार सुबह 10 बजे से इस शीर्ष पद के लिए ऑनलाइन साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इसमें झारखंड कैडर के अपर मुख्य सचिव रैंक के अफसर डॉ. नीतीन मदन कुलकर्णी भी शामिल हैं. देश के बड़े कॉरपोरेट दिग्गजों के बीच हो रहे इस मुकाबले पर अब पूरे देश की प्रशासनिक और ऊर्जा जगत की निगाहें टिकी हुई है.
छंटनी के बाद बचे 18 महारथी, कॉरपोरेट जगत से मिली कड़ी चुनौती
इस सर्वोच्च पद के लिए देश की विभिन्न नामी कंपनियों में ऊंचे ओहदों पर बैठे कुल 40 शीर्ष अधिकारियों ने आवेदन किया था. हालांकि, चयन के लिए गठित विशेष खोज समिति (सर्च कमेटी) ने बेहद बारीकी से जांच-परख करने के बाद 40 में से केवल 18 अधिकारियों को ही अंतिम साक्षात्कार के लिए योग्य पाया. शॉर्टलिस्ट किए गए इन 18 दिग्गजों में जहां झारखंड कैडर के अपर मुख्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी प्रशासनिक अनुभव का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वहीं उन्हें देश की दिग्गज सरकारी और निजी कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है.

इन बड़ी कंपनियों के अधिकारी भी रेस में शामिल
इस महामुकाबले में NTPC के अपने पांच कार्यपालक निदेशकों और ईंधन निदेशक शिवम श्रीवास्तव के अलावा देश की अन्य महारत्न कंपनियों के शीर्ष चेहरे शामिल हैं. इनमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के निदेशक अनुज जैन सहित तीन कार्यपालक निदेशक, गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के अतुल कुमार त्रिपाठी, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के पंकज पंडा और पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन के हेमंत दास शामिल हैं. इसके अलावा गुजरात ऊर्जा विकास निगम के वित्त निदेशक कमलेश कुमार जांगिड़ और निजी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा पावर के प्रबंध निदेशक दीपेश नंदा भी इस कुर्सी के बड़े दावेदार माने जा रहे हैं.
ALSO READ: आदिवासी क्षेत्रों में संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन : आदिवासियों की न्याय की मांग


