Giridih: जमुआ प्रखंड के जालखरीयोडीह से टोलाटांड़ जाने वाली नवनिर्मित सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद हाल ही में इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण पूरा होने के कुछ ही दिनों के भीतर सड़क कई स्थानों से उखड़ने और टूटने लगी है. इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है और निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप लगने लगे हैं.

सड़क की खराब स्थिति पर चिंता
मंगलवार को कांग्रेस के जिला महासचिव इंजीनियर अनिल चौधरी ने सड़क का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जिस सड़क का निर्माण लगभग 15 दिन पहले हुआ हो, उसका इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त हो जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है और ठेकेदार के साथ-साथ संबंधित विभागीय इंजीनियरों की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. उन्होंने कहा कि यदि नई सड़क का यह हाल है तो भविष्य में यह सड़क कितने दिनों तक टिक पाएगी, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है.

तकनीकी जांच कराने की मांग
इंजीनियर अनिल चौधरी ने संबंधित विभाग से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितता या घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की पुष्टि होती है तो दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कर लोगों को राहत देने की भी मांग की. वहीं स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने से रोजाना आने-जाने में परेशानी हो रही है. उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसका खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और सड़क को दोबारा मानक के अनुरूप बनवाने की मांग की है.


