पुलिसकर्मियों के सम्मान में उतरा संगठन: विधायक के बयान पर झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, दी आंदोलन की चेतावनी

रांची: झारखंड में पुलिसकर्मियों पर बढ़ते हमलों और जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर राज्य का पुलिस महकमा...

रांची: झारखंड में पुलिसकर्मियों पर बढ़ते हमलों और जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर राज्य का पुलिस महकमा अब आर-पार की लड़ाई के मूड में है. एक तरफ जहां झारखंड हाईकोर्ट में थाना प्रभारी के साथ अभद्रता का मामला सामने आया तो वहीं बोकारो में हुई एक घटना और उसके बाद स्थानीय विधायक के बयान ने आग में घी डालने का काम किया है. झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सीधे तौर पर आंदोलन की चेतावनी दे दी है.

क्या है पूरा मामला?

झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के द्वारा जारी किए गए प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मामला बोकारो जिला के चास वार्ड नंबर-32 का है. नगर निकाय चुनाव के दौरान पोलिंग बूथ पर अफरा-तफरी का माहौल बना था. आरोप है कि वार्ड पार्षद प्रत्याशी के पति रामाशंकर सिंह ने न केवल बूथ पर उपद्रव फैलाया, बल्कि वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह के साथ अमर्यादित व्यवहार करते हुए उनके साथ मारपीट की, जिससे वे जख्मी हो गए.

विधायक के बयान से भड़का आक्रोश:

एसोसिएशन का कहना है कि पुलिस पहले से ही इस हमले से आहत थी, लेकिन मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब विधायक श्रीमती श्वेता सिंह उपद्रवी के पक्ष में खड़ी नजर आईं. एसोसिएशन के अनुसार विधायक ने पुलिस पर बेबुनियाद आरोप लगाए और पुलिस बल के लिए अमर्यादित टिप्पणी की. बयान में अपराधी को मौसा-फूफा और दामाद जैसा बताकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए और अपशब्दों का प्रयोग किया गया. एसोसिएशन ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, लेकिन जब जनप्रतिनिधि ही अपराधियों का मनोबल बढ़ाएंगे और पुलिस का अपमान करेंगे, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

पुलिसकर्मियों पर अनावश्यक प्रहार किए जा रहे हैं:

एसोसिएशन के द्वारा कहा गया है, कि हाल के दिनों में रांची से लेकर बोकारो तक पुलिसकर्मियों पर अनावश्यक प्रहार किए जा रहे हैं. विधायक का बयान न केवल बोकारो पुलिस बल्कि राज्य के समस्त पुलिसकर्मियों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं. एसोसिएशन ने इस मामले में चेतावनी जारी की है, यदि विधायक श्रीमती श्वेता सिंह अपने बयान पर खेद प्रकट करते हुए माफी नहीं मांगती हैं, तो एसोसिएशन नियमसंगत तरीके से आंदोलन शुरू करेगा. एसोसिएशन इस पूरे प्रकरण को लेकर जल्द ही अपने वरीय पदाधिकारियों और माननीय मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपेगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *