Ranchi : झारखंड में पल पल मौसम का मिजाज बदल रहा है. विदर्भ से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बनें साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पछुआ हवाओं के असर से राज्य के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई है. हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक यह राहत ज्यादा लंबी नहीं टिकने वाली है. आने वाले पांच दिनों में राज्य के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है. जिससे गर्मी एक बार फिर अपने तेवर दिखाएगी. फिलहाल, अगले कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और राज्य के अलग अलग हिस्सों में वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम का मिजाज
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई है. इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में 39.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. राज्य में एक तरफ जहां डालटनगंज में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान गिरकर 16.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. पाकुड़ में 33.9 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 32.1 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा में 31.1 डिग्री सेल्सियस, सरायकेला में 29.8 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर और खूंटी में 29.1 डिग्री सेल्सियस, लातेहार में 29.0 डिग्री सेल्सियस और रांची व चाईबासा में 28.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.

मौसम का अलर्ट आज भारी वज्रपात और आंधी की आशंका
मौसम विभाग ने रविवार के लिए राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों (पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, सिमडेगा, रांची, बोकारो, धनबाद, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ और खूंटी) में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी दी है. शेष हिस्सों में भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जून के शुरुआती हफ्ते में भी उत्तर पश्चिम हिस्से को छोड़कर अन्य भागों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
राजधानी रांची का पूर्वानुमान
रांची और इसके आसपास के इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 31 मई से 2 जून के बीच यहां का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं 3 और 4 जून को सिर्फ गर्जन वाले बादल बनेंगे और पारा चढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
ALSO READ : असम से झारखंड लौट रहे पोकलेन ऑपरेटर 10 दिनों से लापता, सीएम हेमंत सोरेन ने डीसी-एसपी को दिए कार्रवाई का आदेश
