Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में एक बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है. आयोग के तीन वरिष्ठ सदस्यों अजीता भट्टाचार्य, डॉ. जमील अहमद और अनिमा हांसदा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. तीनों सदस्यों ने अपना त्यागपत्र झारखंड के राज्यपाल को भेज दिया है. जेपीएससी में हाल के दिनों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के आरोपों को लेकर भारी विवाद चल रहा था..अभ्यार्थियों और विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे थे और पारदर्शी जांच की मांग की जा रही थी. इस प्रशासनिक घमासान और बढ़ते राजनीतिक व सामाजिक दबाव के बीच तीन सदस्यों का एक साथ इस्तीफा दिया है. वहीं दूसरी तरफ इन तीनों सदस्यों से सीआईडी सोमवार से पूछताछ करेगी

कल से शुरू होगी पूछताछ, जाने कब किसे बुलाया गया:
जेपीएससी परीक्षाओं में अनियमितता को लेकर सीआईडी जेपीएससी के तीन सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ करेगी. सोमवार को डॉक्टर अजीता भट्टाचार्या, मंगलवार को डॉक्टर अनिमा हांसदा और बुधवार को डॉक्टर जमाल अहमद से सीआईडी की टीम पूछताछ करेगी. जरूरत पड़ने पर इन्हें दुबारा भी बुलाकर पूछताछ की जा सकती है. इससे पहले जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्यते से सीआईडी की की टीम चार दिनों तक पूछताछ कर चुकी है.

दूसरे दिन की पूछताछ में उगले कई राज, और लोगों की हो सकती गिरफ्तारी:
जेपीएससी परीक्षा में हुई अनियमितता को लेकर शनिवार को पांच दिनों की रिमांड के दूसरे दिन मुख्य सचिव कार्यालय में कार्यरत रहा कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार और जेपीएससी की परीक्षाओं को संचालित करनेवाली एजेंसी टीडीपीएल का एकाउंटेंट रक्षक सिंह से सीआईडी की टीम लगातार पूछताछ कर रही है. जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में रक्षक सिंह भी सफल हुआ था, जबकि धर्मेंद्र का कनेक्शन मामले में पूर्व में गिरफ्तार टीडीपीएल के तत्कालीन मैनेजर मनोज तिवारी उर्फ अभय तिवारी और उससे जुड़े लोगों के अलावा जेपीएससी के बड़े अधिकारी से नजदीकियां सामने आ रही है. दोनों ने सीआईडी की पूछताछ में कई राज अगले हैं. जिसके आधार पर कुछ और लोगों की गिरफ्तारी आने वाले समय में हो सकती है.


