– आयोग ने साफ किया कि यह परीक्षाफल झारखंड उच्च न्यायालय में लंबित रिट याचिकाओं के अंतिम निर्णय से प्रभावित होगा
Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड अभियोजन सेवा के अंतर्गत सहायक लोक अभियोजक सीधी भर्ती प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या-06/2025) का परीक्षाफल घोषित कर दिया है. जेपीएससी द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं. यह परीक्षा 20 दिसंबर 2025 को राज्य के विभिन्न केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थी.
टाइपिंग या लिपिकीय त्रुटि पर आयोग का अधिकार
आयोग ने अपनी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया है कि परीक्षाफल प्रकाशन के संबंध में यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की लिपिकीय या तकनीकी त्रुटि संज्ञान में आती है, तो उसमें सुधार करने का पूर्ण अधिकार झारखंड लोक सेवा आयोग के पास सुरक्षित रहेगा.
झारखंड हाई कोर्ट के अंतिम आदेश से प्रभावित होगा रिजल्ट
जेपीएससी ने इस रिजल्ट के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण शर्त भी जोड़ी है. आयोग के मुताबिक, यह परीक्षाफल झारखंड उच्च न्यायालय में दायर W.P.(S) No. – 3572/2025 (संजीव कुमार महतो एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य), W.P.(S) No. – 3809/2025 (विकास कुमार गुप्ता एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य) वादों और उनके समरूप अन्य मामलों के अंतिम निर्णय से प्रभावित होगा. इसका सीधा मतलब यह है कि अदालत में चल रहे इन मामलों का जो भी अंतिम फैसला आएगा, वह इस रिजल्ट और आगे की चयन प्रक्रिया पर लागू होगा.
वेबसाइट पर देखें पूरी डिटेल
आयोग के परीक्षा नियंत्रक के हस्ताक्षर से जारी इस प्रेस विज्ञप्ति को जेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है, ताकि छात्र पारदर्शिता के साथ अपना रिजल्ट और संबंधित निर्देश देख सकें.
ALSO READ : झारखंड के जेलों में पारा डॉक्टर की भर्ती परीक्षा 10 जुलाई को, जानें कब जारी होगा एडमिट कार्ड


