Ranchi: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज (11 अगस्त ) झारखंड बंद का आह्वान किया है. इस संबंध में झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच द्वारा एक अलर्ट जारी किया गया है. इस संबंध में पत्र जारी कर विशेष सतर्कता, निगरानी और सुरक्षात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
क्यों बुलाया गया है झारखंड बंद
स्पेशल ब्रांच के द्वारा जारी अलर्ट में कहा गया हैं कि भाजपा झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में इस बंद का आयोजन किया जा रहा है. विरोध प्रदर्शन के मुख्य दो कारण हैं. जिनमें पहला जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताएं और 10 अगस्त को विधानसभा घेराव कर रहे आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा कथित रूप से किया गया लाठीचार्ज शामिल है.
रांची किन स्थानों पर असर पड़ने और प्रदर्शन की संभावना?
– स्पेशल ब्रांच की खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरने की संभावना है. जिनमें परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक, अरगोड़ा चौक, करमटोली चौक, कटहल मोड़, बिरसा चौक, नामकुम सदाबहार चौक और बूटी मोड़ शामिल है.
– रांची में प्रवेश करने वाले विभिन्न प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशनों तथा बस स्टैंडों पर टायर जलाकर, बांस-बल्ली लगाकर रोड जाम किए जाने की आशंका है. इसके अलावा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों को बंद कराने तथा यातायात बाधित करने की संभावना है.
– गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड स्थित माननीय मुख्यमंत्री आवास के समक्ष भी उग्र विरोध प्रदर्शन किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है.
प्रमुख नेताओं की अगुवाई में होगा प्रदर्शन
इस आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू और भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष शशांक राज सहित पार्टी के सभी मंडल अध्यक्ष, बड़े नेता और कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे.
