Koderma: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर भाजपा कोडरमा जिला इकाई के नेतृत्व में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता और धांधली के विरोध में शुक्रवार को गांधी चौक से जिला मुख्यालय (समाहरणालय) तक आक्रोश रैली निकाली गई. रैली के बाद समाहरणालय परिसर के समीप धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई.
जिला नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष संगीता सिन्हा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री विजय यादव एवं संयोजक सूरज प्रताप मेहता ने किया. धरना-प्रदर्शन में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. नरेश पंडित और रामनाथ सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. नरेश पंडित ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से उनका भविष्य अधर में लटक गया है. उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी और सरकार को पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करनी चाहिए.
भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल
रामनाथ सिंह ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े कथित घोटालों ने राज्य की भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अन्याय कर भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू करने की मांग की.
युवाओं में बढ़ रही निराशा : संगीता सिन्हा
भाजपा जिला उपाध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों से बेरोजगार युवाओं में भारी निराशा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का अभाव है और सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने से बच रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कोडरमा नगर अध्यक्ष संजय पासवान ने रैली और धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई. कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रभाकर लाल रावत, जिला मंत्री सुनीति सेठ, कामिनी देवी, हरि पंडित, चन्द्रशेखर जोशी, प्रवीण पाण्डेय, सुनील बड़गवे, अजय पाण्डेय, इंद्रदेव वर्णवाल, नवीन चौधरी, प्रिया देवी, नंदकिशोर सोनी, सुनील यादव, उत्तम कुमार, संदीप गुप्ता, सीताराम, पंकज सिंह, चंदन सिन्हा, नगर मंत्री सचिंद्र शर्मा, मुकेश यादव, पिंकी देवी, नगर कोषाध्यक्ष संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे.
ALSO READ:कोडरमा की शिक्षा व्यवस्था बचाने की मुहिम को मिला कांग्रेस नेताओं का समर्थन
