Koderma : समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में गुरूवार को NCORD से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में डीसी ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. डीसी ने औषधि निरीक्षक को जिले के सभी औषधि विक्रय संस्थानों की सघन जांच करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी दवा दुकानों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन निबंधन कराने को कहा. सभी अंचल अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में औषधि दुकानों की नियमित जांच करते हुए रजिस्ट्रेशन, दवाओं के स्टॉक और एक्सपायरी की स्थिति की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
दुकानों और प्रतिष्ठानों की नियमित जांच का आदेश
कोटपा (COTPA) अधिनियम के तहत सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारियों को दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया. डीसी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध रूप से शराब निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिये उत्पाद अधीक्षक नियमित छापेमारी अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें.
विद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में मादक पदार्थों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में तंबाकू मुक्त साइनेज लगाने का सख्त निर्देश दिया.

ड्रग्स हॉटस्पॉट की पहचान कर हो कार्रवाई
मादक पदार्थों के नियंत्रण को लेकर एक समग्र रोडमैप तैयार करने एवं जिला में ड्रग्स हॉटस्पॉट की पहचान कर लक्षित कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.


