Ranchi: राजधानी रांची के सदर अस्पताल में मरीज के X-RAY को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ. आरोप है कि मरीज के साथ पहुंचे परिजनों ने अस्पताल के सेंट्रल कंसोल रूम में कार्यरत X-RAY टेक्नीशियन के साथ मारपीट की और अस्पताल में तोड़फोड़ भी की. घटना के बाद अस्पताल के मेडिकल स्टाफ में भय का माहौल है.
X-RAY टेक्नीशियन को बुलाकर पीटने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, मरीज का X-RAY कराने को लेकर विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि इसी दौरान X-RAY टेक्नीशियन माधव राज भंडारी को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान के नाम पर धमकी दी गई. इसके बाद बाहर से करीब 10 से 15 लोगों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई. आरोप है कि हमलावरों ने टेक्नीशियन को लात-घूंसों से जमकर पीटा. मारपीट में उनके एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि आंख और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं. दाहिने हाथ की उंगलियां भी बुरी तरह चोटिल होने की बात सामने आई है. घटना के बाद उन्हें आर्थो विभाग में दिखाया गया, जहां उनके हाथ पर प्लास्टर किया गया.
अस्पताल के उपकरणों में तोड़फोड़ का आरोप
अस्पताल कर्मियों का आरोप है कि मारपीट के साथ-साथ X-RAY कैसेट समेत अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना के दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.बताया जा रहा है कि हंगामा बढ़ने के बाद परिजन मरीज को वाहन से लेकर अस्पताल से चले गए. घटना के बाद सदर अस्पताल के मेडिकल स्टाफ में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
आठ कर्मचारियों ने लोअर बाजार थाना में दी शिकायत
मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से X-RAY टेक्नीशियन जलेश्वर महतो, दिनेश पाठक, ज्योति कच्छप समेत आठ अस्पताल कर्मियों ने लोअर बाजार थाना में लिखित शिकायत दी है. शिकायत में मारपीट और अस्पताल के सामान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है.
दूसरे पक्ष ने भी लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप
वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है. दूसरे पक्ष ने अस्पताल कर्मियों पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है.फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अस्पताल में मरीज के इलाज और X-RAY को लेकर शुरू हुए विवाद के हिंसक रूप लेने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.
ALSO READ: झारखंड शराब घोटाला: पूर्व उत्पाद आयुक्त से पूछताछ, कई और अधिकारियों को जारी किया समन
