Bermo: अनुमंडल अंतर्गत स्वांग स्थित नेहरू क्रीड़ा स्थल के मैदान में सोमवार को दो दिवसीय बोकारो जिला एथलेटिक्स मीट का समापन हो गया. प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए कुल 20 स्पर्धाओं का आयोजन किया गया. इनमें 3000 मीटर रेस वॉक, 5000 मीटर रेस वॉक, ऊंची कूद, डिस्कस थ्रो, 200 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, भाला फेंक, ट्रिपल जंप और 4×400 मीटर रिले दौड़ जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं. दो दिवसीय प्रतियोगिता में बोकारो जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 330 छात्र-छात्राओं और युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया. मैदान पर खिलाड़ियों के उत्साह और जोश से खेल का माहौल बना रहा.
विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र से किया सम्मानित
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं के परिणाम घोषित होते ही विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार वितरण समारोह में सीसीएल कथारा क्षेत्र के पूर्व एथलीट पुरुषोत्तम दास वर्मन, स्वांग दक्षिणी के पूर्व मुखिया बिनोद कुमार पासवान, धनंजय सिंह, यूनियन नेता शंकर पासवान, समाजसेवी दिग्विजय सिंह, स्वांग लोकल सेल कोषाध्यक्ष संधीर सिंह, पिपराडीह बॉयज क्लब स्वांग के पूर्व खिलाड़ी गब्बर, कोल इंडिया खिलाड़ी देवनन्दन मुंडा, जागृति कंप्यूटर सेंटर के निदेशक बिनोद यादव और विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान सहित अन्य उपस्थित रहे.
तकनीकी पदाधिकारियों की रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता के सफल और सुचारु संचालन में बोकारो जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव गंगाधर यादव सहित तकनीकी पदाधिकारियों गौतम पॉल, जेनूल कुरैशी, मुकेश कुमार सिंह, ललित राम, रवि हेमब्रम, शुभम कुमार, घनश्याम महतो, राजू प्रजापति, सागर घासी, राज, करण, सनत सिंह, मोनिका कुमारी, उदय यादव, शुशांत तिवारी, दीपक कुमार, सफरोज खान, लीलधारी गुप्ता, टिंकू कुमार, नजरुल, शबनम और शीतल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
28 स्वर्ण पदकों के साथ बीएसीसी बोकारो थर्मल बना चैंपियन
प्रतियोगिता में एमजीएम, डीपीएस बोकारो, पीएमएस गोमिया, कस्तूरबा बालिका विद्यालय और चंदनक्यारी के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. हालांकि पूरी प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए बीएसीसी बोकारो थर्मल की टीम ने सर्वाधिक 28 स्वर्ण पदक अपने नाम किए और ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रतियोगिता का समापन
कार्यक्रम का मंच संचालन सुरेंद्र कुमार ने किया. अंत में बोकारो जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव गंगाधर यादव ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, तकनीकी पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया. धन्यवाद ज्ञापन के बाद दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की गई.
