Koderma: नवलशाही थाना क्षेत्र में कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर नवलशाही चौक के समीप बुधवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. अवैध बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.

मृतक और घायल की पहचान
मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के घोड़थंबा ओपी क्षेत्र के कैलपुर निवासी अनिकेश कुमार (23) के रूप में हुई है. वह हिरमन यादव का पुत्र था. वहीं घायल युवक की पहचान मरकच्चो थाना क्षेत्र के मुर्कमनाय निवासी विक्की विश्वकर्मा (22), पिता उपेंद्र विश्वकर्मा के रूप में हुई है.
ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या JH 12 L 0092 डोमचांच से घोड़थंबा की ओर जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल संख्या JH 12 J 8180 को नवलशाही चौक के पास ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
ALSO READ: बोकारो के जियाडा उद्यमियों को मिलेंगे ज्यादा काम के मौके! BSL निदेशक ने दिया बड़ा आश्वासन
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पुलिस वाहन से आनन-फानन में सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने अनिकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं विक्की विश्वकर्मा का इलाज जारी है.

