Palamu: पलामू जिला प्रशासन ने अवैध बालू खनन और उसके अवैध परिवहन के खिलाफ एक बार फिर अपनी कमर कस ली है. इसी कड़ी में देर रात जिला खनन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. खान निरीक्षक शुभम कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने रेहला थाना क्षेत्र में औचक छापेमारी की. इस गुप्त सूचना आधारित कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध रूप से बालू का उठाव और परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़कर जब्त कर लिया. देर रात हुई इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र के बालू माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. जब्त किए गए तीनों ट्रैक्टरों को तुरंत रेहला थाना परिसर में लाकर सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है.

लगातार अवैध बालू खनन की मिल रही थी शिकायतें
खान निरीक्षक शुभम कुमार ने बताया कि विभाग को पिछले कुछ समय से इस इलाके में रात के अंधेरे में अवैध बालू खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थी. इसी के आलोक में यह त्वरित कार्रवाई की गई. खनन विभाग ने इस मामले में संलिप्त वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिला प्रशाशन कि तरफ से साफ चेतावनी दी गई है कि जिले में किसी भी कीमत पर प्राकृतिक संसाधनों की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेजी से चलाया जाएगा.
ALSO READ: चतरा : पत्नी को गोलगप्पा नहीं खिलाना पति को पड़ा भारी, कर ली आत्महत्या
