पलामू: पलामू जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत पिछले दो दिनों में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पांकी और सतबरवा थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी कर अवैध अफीम (पोस्ता) की खेती को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है.
पहली बड़ी कार्रवाई 09 मार्च 2026 को पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम पुंडरू स्थित जंगली एवं वन भूमि पर की गई. यहां पांकी थाना पुलिस, ताल पिकेट के जवानों और वन विभाग की संयुक्त टीम ने लगभग 2.5 एकड़ में लगी अफीम की फसल को मौके पर ही विनष्ट कर दिया.

इस मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई आज दिनांक 10 मार्च 2026 को सतबरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पीडिया के जंगल में की गई.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर लगभग 2-3 कट्ठा जमीन पर अवैध रूप से उगाई गई अफीम की फसल को ढूंढ निकाला और उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया.
पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी. पुलिस प्रशासन द्वारा संलिप्त अपराधियों के सत्यापन और उन पर कानूनी शिकंजा कसने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि इस अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त किया जा सके.
