Bokaro: गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, वन विभाग की एक संयुक्त टीम ने गोमिया प्रखंड के तुलबुल और ढेंढे इलाकों में चल रहे अवैध लकड़ी तस्करी को लेकर छापेमारी की. इसके साथ ही यहां आरा मिलों के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया. इस बड़ी कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध लकड़ियां और आरा मशीनें जब्त की गईं. कार्रवाई के दौरान 5 आरोपियों को हिरासत में लिया गया. कार्रवाई में बोकारो पुलिस ने सुरक्षा टीम प्रदान की.
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि अवैध कटाई और तस्करी का खुलासा वन विभाग को विश्वस्त गुप्त सूत्रों से लगातार सूचना मिल रही थी. ऐतिहासिक लुगु बुरु पहाड़ के जंगलों से तस्करों द्वारा अवैध रूप से पेड़ों की कटाई का सिलसिला जारी है. काटे गए इन पेड़ों की लकड़ियों को तुलबुल और ढेंढे क्षेत्र में संचालित अवैध आरा मिलों में लाया जाता था, जहां इन्हें चीरकर फर्नीचर का रूप दिया जाता था और फिर चोरी-छिपे बाजारों में बेचा जा रहा था.
बिना कागजात चल रहा था अवैध कारोबार
छापेमारी के दौरान जब वन विभाग की टीम ने संचालकों और मौके पर मौजूद लोगों से लकड़ियों के परिवहन से संबंधित ‘ट्रांजिट परमिट’ (Transit Permit) और आरा मिल के संचालन के लिए वैध लाइसेंस की मांग की, तो कोई भी आरोपी आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने में विफल रहा.
वन संरक्षण और मानव-हाथी संघर्ष रोकने की दिशा में अहम कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारी ने कहा कि पारिस्थितिक दृष्टिकोण से यह कार्रवाई वन संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है. लुगु बुरु पहाड़ का क्षेत्र हाथियों का प्राकृतिक आवास (Elephant Area) माना जाता है. अवैध कटाई के कारण जंगल का तेजी से क्षरण हो रहा था, जिसके परिणामस्वरूप हाथियों के झुंड का अपने प्राकृतिक आवास से भटककर रिहायशी इलाकों की ओर जाने का खतरा बढ़ गया था. इस कार्रवाई से न केवल वन संपदा की रक्षा होगी, बल्कि मानव-हाथी संघर्ष को रोकने में भी मदद मिलेगी.
ALSO READ: धनबाद DC ने किया अंचल अधिकारी को शो-कॉज, पूरे अंचल कार्यालय का वेतन रोका
आगे भी जारी रहेगा अभियान, 5 ट्रैक्टर लकड़ी जब्त
गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम और झारखंड आरा मिल अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध का मामला दर्ज किया गया है. हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों को जल्द ही न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. वहीं, वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनों की अवैध कटाई और वन्यजीवों के आवास को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी और सख्ती से जारी रहेगा. जब्ती की गई सामग्री में 5 ट्रैक्टर अवैध लकड़ियां शामिल हैं. आरा मिल में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और लकड़ी चीरने के सभी उपकरण सील कर जब्त कर लिए गए.
छापेमारी दल का नेतृत्व बोकारो के वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) के नेतृत्व में किया गया. दल में संलग्न पदाधिकारी बोकारो, वन क्षेत्र पदाधिकारी तेनुघाट, तेनुघाट, गोमिया और चास रेंज (बोकारो वन प्रमंडल) के क्षेत्रीय वन कर्मचारी, कुजू और मांडू रेंज (रामगढ़ वन प्रमंडल) के क्षेत्रीय वन कर्मचारी सहित बोकारो पुलिस की टीम शामिल थी.



