Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मोबाइल नेटवर्क विस्तार और दूरसंचार सेवाओं को मजबूत करने को लेकर जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में मोबाइल टावर अधिष्ठापन, ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) बिछाने, राइट ऑफ वे (RoW) अनुमति और नेटवर्क विस्तार की प्रगति की समीक्षा की गई.
दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क सुधार पर जोर
बैठक के दौरान उपायुक्त ने मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों से उन क्षेत्रों की जानकारी ली, जहां अभी तक नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं है या नेटवर्क सेवा प्रभावित है. उन्होंने नेटवर्क विस्तार में आ रही प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए.
15 अगस्त तक गुदड़ी में नेटवर्क बहाल करने का निर्देश
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गुदड़ी प्रखंड में हर हाल में 15 अगस्त तक मोबाइल नेटवर्क सेवा बहाल की जाए. इसके अलावा टेबो घाटी क्षेत्र में भी जल्द नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. वहीं टोंटो प्रखंड में नेटवर्क से जुड़ी शिकायतों की जांच कर जल्द सुधार और नेटवर्क सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए.
दूरदराज इलाकों तक बेहतर सेवा पहुंचाना लक्ष्य
उपायुक्त ने कहा कि जिले के दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों और मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाई जाएगी. उन्होंने RoW अनुमति से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए. बैठक में अपर उपायुक्त, सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी (सदर) और विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
READ ALSO: आवंटित दुकान किराये पर देकर खुद बाहर चला रहे थे कारोबार, रांची नगर निगम ने चिन्हित किया 33 दुकान
