Hazaribagh: बरही टाउन हॉल में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि एसडीजीएम कावेरी कुमारी, सीओ चंद्रशेखर कुणाल समेत जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया. जेएसपीएलएस की दीदियों ने अतिथियों का आमपत्री टोपी पहनाकर स्वागत किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सीओ चंद्रशेखर कुणाल ने की, जबकि संचालन जेएसपीएलएस के बीपीएम केदार पासवान ने किया.

लोगों को दी गई कानूनी सहायता की जानकारी
एसडीजीएम कावेरी कुमारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए. आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है. उन्होंने कहा कि न्यायालय से नोटिस मिलने पर उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि न्यायालय में उपस्थित होकर विधिक सहायता लेनी चाहिए. सीओ चंद्रशेखर कुणाल ने कहा कि मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विधिक सेवा और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई. लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं. जनप्रतिनिधियों ने बरही अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी.
लाभुकों के बीच बांटी गई परिसंपत्तियां
शिविर में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के छह, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के चार और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के 10 लाभुकों को लाभ दिया गया. इसके अलावा पांच ट्राइसाइकिल, 39 साइकिल और एक हियरिंग मशीन का वितरण किया गया. 10 लाभुकों को केसीसी ऋण, 10 सखी मंडल दीदियों को मुद्रा लोन और 15 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिया गया. वहीं 20 जन्म प्रमाण पत्र, 23 जाति प्रमाण पत्र, 10 आय प्रमाण पत्र और 12 नामांतरण शुद्धि प्रमाण पत्र वितरित किए गए.
श्रम और आवास योजनाओं का भी मिला लाभ
शिविर में 11 लाभुकों को लाल राशन कार्ड, पांच को अंबेडकर आवास, 13 को श्रम कार्ड और 16 लोगों को जॉब कार्ड दिया गया. जी-रामजी नई योजना के तहत तीन लाभुकों को लाभ प्रदान किया गया.
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर प्रमुख मनोज रजक, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, उपप्रमुख देवलाल कुशवाहा, जिप सदस्य प्रति गुप्ता, गुरुदेव गुप्ता, बीसीओ संजय यादव, मुखिया मोतीलाल चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र गोप व टिंकू आलम, उपमुखिया मनोज उपाध्याय, पंसस प्रतिनिधि सुजीत कुमार समेत विभिन्न विभागों के कर्मी मौजूद थे.
ALSO READ: पाकुड़ में कचरे से लदी गाड़ी पर बैठे दिखे नाबालिग बच्चे, सुरक्षा पर उठे सवाल

