पलामू: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ दुर्व्यवहार और उसकी मां के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह मामला 9 मार्च की देर रात का है, जब गांव की ही एक 16 वर्षीय किशोरी किसी काम से घर से बाहर निकली थी. जानकारी के अनुसार इसी दौरान गांव के एक युवक ने रास्ते में किशोरी को रोककर उसके साथ अनुचित व्यवहार करने की कोशिश की.
विरोध करने पर महिला से मारपीट
किशोरी द्वारा शोर मचाने पर उसकी मां मौके पर पहुंच गई और युवक की हरकतों का विरोध किया. आरोप है कि विरोध से नाराज होकर युवक ने महिला के साथ गाली-गलौज की और उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गई.
Also Read: पाटन के बिकुआ गांव में रास्ते के विवाद को लेकर मारपीट, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के बाद घायल महिला और किशोरी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने हुसैनाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुर्व्यवहार, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
