Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य आरोग्य परिसर, नामकुम (रांची) में आयुष ड्रग टेस्टिंग लैब (Modern AYUSH drug testing lab) के भवन निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 63.53 लाख की राशि आवंटित की है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. यह राशि आयुष ड्रग टेस्टिंग लैब की स्थापना योजना के तहत लैब भवन निर्माण कार्य के लिए जारी की गई है. इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 3.66 करोड़ है. इससे पहले 3.02 करोड़ जारी किए जा चुके हैं, जबकि अब शेष 63.53 लाख का आवंटन किया गया है.
क्या होगा फायदा ?
इस लैब के बनने से झारखंड में आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी दवाओं की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच राज्य में ही हो सकेगी. इससे दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और लोगों को सुरक्षित एवं मानक दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
आदेश में क्या कहा गया है?
- निर्माण कार्य निर्धारित वित्तीय नियमों के तहत कराया जाएगा.
- राशि का उपयोग केवल स्वीकृत कार्यों में किया जाएगा.
- सिविल सर्जन, रांची को राशि निकासी एवं हस्तांतरण की जिम्मेदारी दी गई है.
- निर्माण एजेंसी को हर महीने कार्य की भौतिक और वित्तीय प्रगति रिपोर्ट विभाग को भेजनी होगी.
- खर्च का उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर विभाग और महालेखाकार को उपलब्ध कराना होगा.
