मानसून का असर: रांची एयरपोर्ट पर घटने लगी यात्रियों की संख्या, 24 अगस्त को सबसे कम आवागमन

Ranchi: झारखंड में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम का असर अब हवाई यातायात पर भी दिखाई देने लगा है. अगस्त...

birsa munda airport

Ranchi: झारखंड में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम का असर अब हवाई यातायात पर भी दिखाई देने लगा है. अगस्त महीने में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. 24 अगस्त को इस महीने अब तक सबसे कम यात्रियों ने हवाई यात्रा की. एयरपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को कुल 4,959 यात्रियों का आवागमन हुआ. इनमें 2,700 यात्री विभिन्न शहरों से रांची पहुंचे, जबकि 2,259 यात्री रांची से देश के अलग-अलग शहरों के लिए रवाना हुए.

मई-जून के मुकाबले काफी कम हुआ हवाई सफर

अगस्त में यात्रियों की संख्या में आई गिरावट मई और जून की तुलना में काफी अधिक है. इस साल मई और जून में रांची एयरपोर्ट से प्रतिदिन औसतन 7,500 से 8,000 यात्री सफर कर रहे थे. वहीं, अगस्त में कई दिनों पर यात्रियों की संख्या घटकर पांच से छह हजार के बीच रह गई है. एयरपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में 22 अगस्त को 6,394 यात्रियों का सबसे अधिक आवागमन दर्ज किया गया, जबकि 18 अगस्त को 6,372 यात्रियों ने सफर किया. इसके बाद 24 अगस्त को यह संख्या घटकर महज 4,959 रह गई.

अगस्त में कई दिनों छह हजार से नीचे रहा आंकड़ा

अगस्त के शुरुआती 24 दिनों में कई बार यात्रियों की संख्या छह हजार से नीचे रही. एक अगस्त को 6,344, दो अगस्त को 6,259, चार अगस्त को 5,564 और पांच अगस्त को 5,334 यात्रियों का आवागमन हुआ. इसी तरह छह अगस्त को 5,636, आठ अगस्त को 6,318 और नौ अगस्त को 5,976 यात्रियों ने हवाई सफर किया. 11 अगस्त को 5,926, 12 अगस्त को 5,458, 13 अगस्त को 5,661 और 14 अगस्त को 5,867 यात्री रहे. 15 अगस्त को 6,169, 16 अगस्त को 6,192 और 17 अगस्त को 5,518 यात्रियों ने यात्रा की. वहीं 19 अगस्त को 5,485, 20 अगस्त को 6,010, 21 अगस्त को 5,939 और 23 अगस्त को 5,987 यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया. इस दौरान एयरपोर्ट से संचालित विमानों की संख्या करीब 36 से 46 के बीच रही.

Read Also: हजारीबाग बस स्टैंड में गंदगी का अंबार, यात्रियों की परेशानी पर नगर निगम बेपरवाह

बारिश और खराब मौसम से यात्रा की योजना प्रभावित

लगातार बारिश, घने बादल और खराब मौसम का असर लोगों की यात्रा योजनाओं पर भी पड़ा है. मौसम को देखते हुए कई यात्री अपनी हवाई यात्रा टाल रहे हैं या कार्यक्रम में बदलाव कर रहे हैं. खास बात यह है कि अगस्त में विमानों की संख्या में बहुत अधिक बदलाव नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों की संख्या में लगातार कमी देखी जा रही है. एयरपोर्ट से जुड़े लोगों का मानना है कि मानसून के कमजोर पड़ने और मौसम साफ होने के बाद हवाई यात्रियों की संख्या में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है.

यात्रियों की कमी से एयरपोर्ट के कारोबार पर भी असर

यात्रियों की संख्या घटने का असर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी पड़ा है. यात्रियों की कमी के कारण कई कारोबारियों को लगातार घाटे का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, पार्किंग संचालक, पेर्बश इंग्लैंड और मनी एक्सचेंज संचालक ने एयरपोर्ट प्रबंधन को पत्र लिखकर काम बंद करने की सूचना दी है. वहीं, एयरपोर्ट पार्किंग के कैंटीन संचालक ने भी प्रबंधन को पत्र देकर काम बंद करने की बात कही है. इन संचालकों का कहना है कि यात्रियों की संख्या कम होने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है और लगातार घाटा उठाना पड़ रहा है. ऐसे में उनके लिए आगे भी कारोबार जारी रखना मुश्किल हो रहा है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *