Hazaribagh: रक्षाबंधन से पहले महंगाई ने हजारीबाग के बाजार में रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. पिछले 10 दिनों में चीनी की कीमत में करीब 20 रुपये प्रति किलो का उछाल आया है. बाजार में 46-48 रुपये किलो बिकने वाली चीनी अब 68-70 रुपये किलो तक पहुंच गई है. गुड़ भी 55 रुपये से बढ़कर करीब 85 रुपये किलो बिक रहा है. खाद्य तेल और अन्य कच्चे माल की कीमतों में तेजी का असर अब सीधे मिठाइयों की कीमतों पर दिखाई दे रहा है. शहर के मिठाई कारोबारियों के अनुसार त्योहार से पहले मांग बढ़ने के साथ लागत बढ़ने से कई मिठाइयों के दाम 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं. 900 रुपये किलो बिकने वाली काजू कतली अब 1100 रुपये किलो तक पहुंच गई है. वहीं 10 रुपये का रसगुल्ला अब 12 रुपये और 15 रुपये में मिलने वाला गुलाब जामुन, मलाई चॉप व चंद्रकला 18 रुपये प्रति पीस बिक रहा है.

मिठाई के दाम
गुलाब जामुन: 15 रुपये से बढ़कर 18 रुपये प्रति पीस
रसगुल्ला: 10 रुपये से बढ़कर 12 रुपये प्रति पीस
मलाई चॉप: 15 रुपये से बढ़कर 18 रुपये प्रति पीस
चंद्रकला: 15 रुपये से बढ़कर 18 रुपये प्रति पीस
काजू कतली: 900 रुपये से बढ़कर 1100 रुपये प्रति किलो
घी के लड्डू: करीब 450-500 रुपये प्रति किलो
बेसन के लड्डू: करीब 220-250 रुपये प्रति किलो
प्याज भी सात दिन में 15 रुपये महंगा
मिठाई के साथ सब्जियों के बाजार में भी महंगाई का असर दिख रहा है. हजारीबाग में प्याज की कीमत सात दिनों में करीब 15 रुपये प्रति किलो बढ़कर 50 रुपये किलो तक पहुंच गई है. थोक कारोबारियों के मुताबिक महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों से आवक कम होने से कीमतों में तेजी आई है. बेमौसम बारिश से भी आपूर्ति प्रभावित होने की बात कही जा रही है. आलू-प्याज कारोबारियों का कहना है कि पिछले वर्ष प्याज की कीमत कम रहने से किसानों को उत्पादन लागत निकालने में परेशानी हुई थी. इसके कारण इस बार कई इलाकों में बुआई और उत्पादन कम हुआ, जिसका असर अब बाजार में आपूर्ति पर पड़ रहा है. त्योहारी सीजन में चीनी, तेल, गुड़ और प्याज समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है. मिठाई की बढ़ी कीमतों के कारण रक्षाबंधन पर उपभोक्ताओं को जेब पहले से ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग बस स्टैंड में गंदगी का अंबार, यात्रियों की परेशानी पर नगर निगम बेपरवाह – News Wave Jharkhand

