Report: Yogesh Kumar
Jamtara: जामताड़ा जिले में बुधवार का दिन कई परिवारों के लिए दुखद साबित हुआ. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. कहीं एक युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, तो कहीं तालाब में डूबने से मासूम बच्चे की मौत हो गई. वहीं खेत में गोबर डालने के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बच्ची की जान चली गई. तीनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में मातम पसरा हुआ है.

कालीपाथर जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
नाला थाना क्षेत्र के कालीपाथर गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के समीप जंगल में एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला. मृतक की पहचान फनी भूषण सोरेन (25) पिता बहादुर सोरेन, निवासी कालीपाथर के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, फनी भूषण मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने गांव के पास झाड़ी में करांच के पेड़ से युवक का शव लटका देखा. इसके बाद दलाबड़ मुखिया प्रतिनिधि गुपिन सोरेन ने नाला थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवा कर कब्जे में लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है.
परिजनों ने बताया कि मृतक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था और वह अक्सर तनाव व ग्लानि की स्थिति में रहता था. थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
तालाब में डूबने से 9 वर्षीय मासूम की मौत
जामताड़ा थाना क्षेत्र के पाकडीह मोहल्ले में बुधवार को तालाब में डूबने से 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान संदीप मंडल के पुत्र राज मंडल के रूप में हुई है. इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई. बताया जा रहा है कि राज मंडल बुधवार दोपहर करीब तीन बजे घर से खेलने के लिए निकला था. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों की नजर तालाब में तैरते हुए बच्चे पर पड़ी. लोगों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है. अस्पताल से शव घर पहुंचते ही पूरे मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसर गया. ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत
फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अगैयासरमुंडी पंचायत के अगैया गांव में बुधवार सुबह करीब नौ बजे ट्रैक्टर हादसे में आठ वर्षीय बच्ची मुकु मुर्मू की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. जानकारी के अनुसार, गांव में ट्रैक्टर से खेत में गोबर डालने का कार्य चल रहा था. इसी दौरान मुकु मुर्मू अपनी बहन के साथ ट्रैक्टर पर चढ़ गई, जब ट्रैक्टर ऊंचे चढ़ान से गुजर रहा था, तभी बच्ची असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ी और ट्रैक्टर के पिछले चक्के की चपेट में आ गई. हादसा इतना भयावह था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से खेतों और ग्रामीण इलाकों में ट्रैक्टर संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है.
तीनों घटनाओं ने जिलेवासियों को झकझोर कर रख दिया है. एक ही दिन में हुई इन दर्दनाक घटनाओं से कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं.
यह भी पढ़ें: JTET: जेटेट भाषा विवाद पर सरकार का बड़ा कदम, गठित कमेटी में शामिल हुए दो और मंत्री
