Giridih: शहर में एक बार फिर नगर निगम का बुलडोजर गरजा. उपनगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक के निर्देश पर बुधवार को नटराज चौक से हाई स्कूल तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. निगम की टीम ने उन दुकानों को निशाने पर लिया, जिन्हें पहले अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, लेकिन चेतावनी के बावजूद दुकानदार दोबारा अवैध निर्माण खड़ा करने में जुट गए थे.

सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने अवैध निर्माण पर सीधा प्रहार करते हुए कई हिस्सों को तोड़ डाला. बुलडोजर चलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बन गई और कई लोग निगम की कार्रवाई का विरोध करने सड़क पर उतर आए.
हंगामे के बाद बिगड़ा माहौल
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने जोरदार हंगामा किया और निगम टीम के साथ बहस शुरू कर दी. माहौल तनावपूर्ण होता देख पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा. स्थिति बिगड़ती देख निगम की टीम को अभियान बीच में रोककर वापस लौटना पड़ा, लेकिन अधिकारियों ने साफ कर दिया कि यह सिर्फ शुरुआत है.
अतिक्रमण पर सख्त रुख
नगर निगम ने दो टूक कहा है कि शहर में दोबारा अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो लोग सरकारी जमीन पर कब्जा कर नियमों को चुनौती देंगे, उनके खिलाफ लगातार बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी.
अभियान में सहायक नगर आयुक्त अशोक हसदा, दंडाधिकारी विनोद सिंह, नगर निगम कर्मी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.
