पलामू: 23 फरवरी को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर पलामू रेंज में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय कर दी गई है. पलामू जिले के पांच शहरी क्षेत्रों में मतदान होना है, जिनमें मेदिनीनगर नगर निगम सबसे बड़ा क्षेत्र है. इसके अलावा गढ़वा में तीन और लातेहार में एक नगर क्षेत्र में वोट डाले जाएंगे. पलामू जिले में अकेले 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी बूथों को संवेदनशील, अति संवेदनशील और सामान्य श्रेणियों में बांटा गया है. उसी आधार पर पुलिस बल की तैनाती की योजना तैयार की गई है.
डीआईजी किशोर कौशल बोले, पेट्रोलिंग और क्यूआरटी रहेगी तैनात
पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल ने बताया कि तीनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त रूप से पूरी तैयारी कर ली है. मतदान केंद्रों पर स्थायी बल के साथ पेट्रोलिंग पार्टी और क्विक रिस्पांस टीम की भी तैनाती की जा रही है. शहरी निकाय चुनाव होने के बावजूद क्षेत्र पूर्व में नक्सल प्रभावित रहा है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.

उन्होंने कहा कि वज्रगृह और मतगणना केंद्रों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अवैध हथियार, शराब और चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करें. डीआईजी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भय होकर मतदान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
