News Wave Desk : बारिश का मौसम अपने साथ ठंडक और हरियाली लेकर आता है, लेकिन इस मौसम में खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. इन्हीं में से एक है मशरूम. अक्सर कहा जाता है कि बरसात में मशरूम नहीं खाना चाहिए. आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह क्या है और क्या यह बात पूरी तरह सही है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के मौसम में वातावरण में नमी अधिक होने के कारण मशरूम जल्दी खराब हो सकता है. ऐसे मशरूम में बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपने लगते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग, पेट दर्द, उल्टी, दस्त और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
क्या बारिश में मशरूम बिल्कुल नहीं खाना चाहिए?
इसके अलावा, बरसात के दौरान जंगलों और खेतों में कई प्रकार के जंगली मशरूम उग आते हैं. इनमें से कुछ मशरूम जहरीले होते हैं और इन्हें पहचानना आसान नहीं होता. ऐसे मशरूम का सेवन गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बारिश में मशरूम बिल्कुल नहीं खाना चाहिए. यदि मशरूम ताजा हो, विश्वसनीय स्थान से खरीदा गया हो, अच्छी तरह साफ किया गया हो और पूरी तरह पकाकर खाया जाए, तो सामान्य रूप से इसका सेवन सुरक्षित माना जाता है. वहीं, जिन लोगों की पाचन शक्ति कमजोर है, उन्हें इस मौसम में मशरूम सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए.

मशरूम लेने समय रखें ध्यान
- हमेशा ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाला मशरूम ही खरीदें.
- मशरूम को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह पकाकर ही खाएं
- लंबे समय से रखा हुआ या बदबू वाला मशरूम बिल्कुल न खाएं
- जंगल या खेत से मिले अनजान मशरूम का सेवन करने से बचें
बारिश के मौसम में मशरूम से अधिक उसके खराब होने और जंगली मशरूम के जहरीले होने का खतरा रहता है. इसलिए सही गुणवत्ता और सावधानी के साथ मशरूम का सेवन किया जाए तो यह पौष्टिक और सुरक्षित भोजन का हिस्सा बन सकता है.
Also Read : RIMS लैंड स्कैम : सोनमैत देवी अंगूठा लगाने जाती थी रजिस्ट्री ऑफिस, 1 लाख रुपए कठ्ठा तय हुआ था रेट
