Bokaro: कबड्डी खेल के तकनीकी नियमों में काफी बदलाव आया है और प्रतिस्पर्धा के इस दौर में इन्हीं नियमों से पारंगत होने के लिए प्रशिक्षित होना अनिवार्य है. ऐसे रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम से तकनीकी पदाधिकारी दक्ष हो सकते हैं. यह बातें कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने तीन दिवसीय कबड्डी तकनीकी पदाधिकारियों के राष्ट्रीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहीं. यह कार्यक्रम शुक्रवार को होटल आर्यन इंटरनेशनल, जैनामोड़, बोकारो में शुरू हुआ. तीन दिवसीय कार्यक्रम का संचालन संघ के पूर्व महासचिव एवं झारखंड ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष बिपिन कुमार सिंह ने किया.
8 राज्यों के 60 तकनीकी पदाधिकारी ले रहे प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल तकनीकी पदाधिकारी इंटरनेशनल ट्रेनर के. जगमोहन और तेजनारायण प्रसाद माधव से कबड्डी के नए तकनीकी नियम और बारीकियां सीख रहे हैं, ताकि आने वाली राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तकनीकी पहलुओं पर बेहतर ढंग से कार्य कर सकें. एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) द्वारा निर्धारित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण में केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल एवं झारखंड के 60 तकनीकी पदाधिकारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने में एसोसिएशन के आलोक कुमार, पवन कुमार, लखीकांत साहू, प्रेम मोहन और संजय सिंह सहित अन्य लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.



