13 महीने से वेतन नहीं, JEPC कार्यालय के बाहर व्यावसायिक शिक्षकों का प्रदर्शन

RANCHI: झारखंड के व्यावसायिक शिक्षकों में सरकार और JEPC के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. 13 महीनों से लंबित...

RANCHI: झारखंड के व्यावसायिक शिक्षकों में सरकार और JEPC के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. 13 महीनों से लंबित मानदेय भुगतान, वेतन संरचना में सुधार नहीं होने और निजी कंपनियों की मनमानी के विरोध में राज्यभर के व्यावसायिक शिक्षक सोमवार सुबह 11 बजे JEPC कार्यालय, सेक्टर-3 धुर्वा, रांची में आंदोलन पर बैठ गए. इस प्रदर्शन में राज्य के विभिन्न जिलों से शिक्षक शामिल हुए.

800 शिक्षकों का आरोप, समय पर नहीं मिलता वेतन

शिक्षकों का कहना है कि राज्य में करीब 800 व्यावसायिक शिक्षक कार्यरत हैं, लेकिन उनकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. आरोप है कि सरकार ने नियुक्ति और भुगतान की व्यवस्था निजी कंपनियों को सौंप दी है, जिसके कारण शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा. कई शिक्षक पिछले 13 महीनों से मानदेय का इंतजार कर रहे हैं.

पहले भी मिला था आश्वासन

शिक्षकों ने बताया कि इससे पहले 8 दिसंबर को भी आंदोलन किया गया था. उस दौरान JEPC की ओर से तीन महीनों के भीतर भुगतान का लिखित आश्वासन दिया गया था. लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद भी न वेतन मिला और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई.

20 हजार में गुजारा मुश्किल

व्यावसायिक शिक्षकों का कहना है कि उन्हें सिर्फ 20 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता है. हर साल एक हजार रुपये वेतन वृद्धि का प्रावधान होने के बावजूद बढ़ोतरी नहीं की गई. कई महीनों तक भुगतान रुकने से परिवार चलाना, किराया देना और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.

सरकार से सीधी नियुक्ति की मांग

शिक्षकों की मांग है कि सरकार उन्हें सीधे अपने अधीन ले और निजी कंपनियों के जरिए संचालित व्यवस्था को खत्म करे. शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द बकाया भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *